संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत कार्मिकों की वेतन कटौती बहाली के लिए बेसिक शिक्षाधिकारी प्रिंसी मौर्य ने 7 अक्तूबर को बैठक बुलाई है। यह बैठक दोपहर 3:30 बजे बीआरसी में होगी। अध्यापक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और अनुचर वेतन कटौती बहाल कराने के लिए लगातार बीएसए कार्यालय में प्रत्यावेदन दे रहे हैं। स्पष्टीकरण और अभिलेख उपलब्ध न होने के कारण उनके प्रकरणों का समय से निस्तारण नहीं हो पा रहा है। इससे संबंधित कार्मिकों को परेशानी उठानी पड़ रही है। बैठक में वर्ष 2025-26 और 2026-27 में एक दिन अथवा एक माह का वेतन अवरुद्ध होने वाले कार्मिकों से साक्ष्य और अभिलेखों सहित स्पष्टीकरण प्राप्त किया जाएगा। खंड शिक्षाधिकारियों को संबंधित दस्तावेज के साथ स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इसका उद्देश्य कार्मिकों के वेतन संबंधी प्रकरणों का समय से निस्तारण करना है।