खागा। पीएम के स्वच्छ भारत अभियान का प्रभाव नगर के रेलवे विभाग में पूरी तरह से नदारद है। गंाधी जयंती पर एसडीएम बलराम सिंह और रेलवे स्टेशन के कर्मचारियों अधिकारियों ने खुद ही झाड़ू लगाकर सफाई अभियान की शुरूआत की थी। इसके बाद पहले की तरह सफाई का काम चल रहा है। अभियान कहीं दिखाई नहीं पड़ रहा है। प्लेटफार्म और प्रतीक्षालय में जगह जगह कूड़ा कचरा बिखरा रहता है। कूड़ेदानों के आसपास भी कूड़ा बना रहता है। शौंचालयों में इतनी बदबू है कि शौच क्रिया के लिए कोई जा नहीं सकता है। प्लेटफार्म नंबर एक पर बने शौचालयों में टायल्स और पत्थर लगाकर सुंदरीकरण तो कर दिया गया है, लेकिन सफाई की स्थाई रूप से प्रतिदिन कोई व्यवस्था नहीं है। इससे हमेशा गंदगी बनी रहती है। इसी प्रकार प्लेटफार्म और प्रतीक्षालय में कूड़ा कचरा फैला रहता है। प्लेटफार्म नंबर दो और तीन की हालत तो और बदतर है। 24 घंटों में केवल एक बार सुबह सफाई ही की जाती है। दैनिक यात्री मुकेश कुमार, नीरज पांडेय, राजेश कुमार, अनिल कुमार शुक्ला, नीरज अग्रवाल ने बताया कि स्टेशन में बने शौचालयों में हमेशा गंदगी बनी रहती है। सहायक स्टेशन मास्टर मनोज कुमार ने बताया कि स्टेशन में तीन सफाई कर्मी स्थाई रूप से तैनात हैं, जो नियमित रूप से सफाई करते हैं।