फतेहपुर/ हुसैनगंज। ग्राम समूह पेयजल योजना का लाभ ब्लाक क्षेत्र के आधा दर्जन गांव की जनता को पखवारे भर से नहीं मिल पा रहा है। नलकूप की मोटर फुंकने से ठप हुई जलापूर्ति को लेकर हुईं शिकायतें लगातार नजरदांज किए जाने से समस्या गहराती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है पाइप लाइन का पानी नहीं मिलने से उन्हें बदबू व गंदा पानी फेंकने वाले हैंडपंपों का सहारा लेना पड़ रहा है। ग्राम समूह पेयजल योजना के तहत वित्तीय वर्ष 1988-89 में बन कर तैयार हुई 250 किलोलीटर क्षमता वाली इस पानी की टंकी से भिटौरा के अलावा तारापुर, भोलापुर, ईसापुर, सहिमापुर को जोड़ा गया था। 15 दिन पहले ओवरहेड टैंक मेें पानी भरने वाले ट्यूबवेल की 25 एचटी की मोटर फुंक गई थी। जिसके बाद से इन गांवों को पाइन लाइन का पानी पीने को नहीं मिल पा रहा है। उपरोक्त गांवों के लोग पीने वाले पानी के लिए परेशान हो रहे हैं। उन्हें ऐसे हैंडपंपों में पाया जा रहा है। जहां काफी दिनों तक बाल्टियां नहीं खनकीं। हालात यह है कि खारा पानी देने वाले हैंडपंप हो या फिर बदबूदार पानी फेंकने वाले हैंडपंप। इन दिनों हरेक हैंडपंप आशा की किरण बना हुआ है। जल निगम के कनेक्शनधारक दुर्गेश श्रीवास्तव, गोविंद तिवारी, राघुवेंद्र सिंह, भोला प्रसाद कहते हैं कि कई मर्तबा जल निगम को समस्या दूर कराने के लिए संपर्क किया जा चुका है। लेकिन अभी तक विभाग की ओर से कोई पहल नहीं की गई है। जबकि जेई आरपी सिंह का कहना है कि लगातार अवगत कराने के बावजूद फुंकी मोटर को लेकर विभागीय स्तर से किसी प्रकार के संकेत नहीं मिले हैं। हालांकि जेई ने यह भी कहा कि दो तीन के अंदर मोटर को रिपेयर करवा करके जलापूर्ति चालू करवा दी जाएगी।