फतेहपुर। माध्यमिक शिक्षा विभाग निजी प्रकाशनों की पाठ्य पुस्तकें चलाने वाले स्कूलों पर शिकंजा कसने की तैयारी पर है। विभाग से सरकारी प्रकाशन की किताबों की अनिवार्यता लागू करने के बाद जिला विद्यालय निरीक्षक ने प्राइवेट प्रकाशन की पाठ्य पुस्तकें चलाने पर पाबंदी लगा दी है। पिछले सप्ताह माध्यमिक शिक्षा मंत्री ने जिला स्तरीय अधिकारियों को सभी माध्यमिक विद्यालयों में सिर्फ सरकारी प्रकाशनों की किताबें चलाने के निर्देश जारी किए हैं। आदेश जारी होते ही माध्यमिक शिक्षा विभाग सक्रिय हो गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक मो. रफीक ने सभी राजकीय, वित्तपोषित, वित्तविहीन माध्यमिक विद्यालयों को पत्र भेजकर सरकारी प्रकाशन की किताबों के पाठ्यक्रम के तहत कक्षाएं चलाने के निर्देश दिए हैं। डीआईओएस ने बताया कि सभी विद्यालयों में बच्चों के पास से किताबों का जांच की जाएगी। अगर किसी शिक्षक ने प्राइवेट प्रकाशन की किताबें लागू कर रखी हैं, तो संबंधित विद्यालय के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।