फतेहपुर। चौबीस घंटे के अंतराल में अलग-अलग थाना क्षेत्रों संक्रामक रोगों से तीन लोगों की जान चली गई। इनमें से दो मौतें असोथर कस्बे में बुखार के चलते एक ही गांव में हुई, जबकि भादर के एक युवक की मौत के डेंगू से होने की पुष्टि हुई है। उधर स्वास्थ्य टीम ने दो मौतों से चौकन्ना होते हुए असोथर की प्रभावित बस्तियों में दवा का छिड़काव समेत स्लाइडें बनाईं हैं। हरदो सीएचसी के भादर गांव निवासी रामपाल के पुत्र ऊदल सिंह को तीन दिन से बुखार आ रहा था। परिजन ऊदल का उपचार कौशांबी के किसी निजी अस्पताल में करा रहे थे। जिसकी सोमवार की सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक के पिता राम पाल ने बताया कि एलाइजा टेस्ट में डेंगू निकला था। इस मौत से भादर में दहशत फैल गई है। लोग स्वास्थ्य विभाग द्वारा दवा का छिड़काव न होने से खफा नजर आए। उधर, असोथर कस्बे में इसी दिन दो मौतें बुखार से हो गईं। कस्बे के रियाज के छह साल के बेटा नियाज व विनोद के एक महीने के मासूम बेटा छोटू को कई दिन से बुखार आ रहा था। आज दोनों की हालत बिगड़ने पर उन्हें पीएचसी ले जाया गया था। जहां से सदर अस्पताल के लिए रेफर किया गया था। फतेहपुर लाते रास्ते में मासूम व किशोर का दम निकल गया। एक ही गांव में बुखार से दो मौतों की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने असोथर में पहुंच कर बचाव कार्य किए। एमओआईसी डॉ. पवन कुमार ने बताया कि प्रभावित गांव टीम गई थी। मंगलवार को भी टीम भेजी जाएगी।