फतेहपुर। मुराइन टोला मोहल्ले में गोंडा के युवक की सात माह पूर्व हुई हत्या मामले की मुख्य आरोपी युवती को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बुधवार की दोपहर हत्या और लाश छिपाने के आरोप में उसे जेल भेज दिया है। मामले में दूसरा आरोपी पहले से जेल में है। गोंडा बिराहयतपुर के मिर्जापुर गांव निवासी कृष्ण कुमार के 25 वर्षीय पुत्र राहुल तिवारी की लाश मुराइन टोला में 21 नवंबर को बोरे में भरी बरामद हुई थी। मामले की पड़ताल क्राइम ब्रांच ने शुरू की थी। घटना में आरोपी बच्चा शर्मा ऊ र्फ हरिशंकर निवासी मुराइन टोला को पहले ही जेल भेज दिया था। बच्चा शर्मा की प्रेमिका काजल शर्मा ऊर्फ खुशी ऊर्फ पिंकी निवासी भोगांव मैनपुरी को बुधवार को जेल भेजा है। कोतवाल गुरमुख सिंह ने बताया कि घटना की असल वजह आशिनाई है। आरोपी की मृतक से दोस्ती थी। आरोपी बच्चा ने अपनी प्रेमिका के साथ दोस्त को देखा था। इससे बौखला गया था। उसने प्रेमिका पर दबाव बनाया और उसे राहुल की हत्या करने की योजना में सहभागी बनाया। कानपुर में दोनों ने युवक को बेहोश करके अगवा किया था। मुराइन टोला में प्रेमिका के साथ उसे बेहोशी हालत में लाया था। यहां पर धारादार हथियार से 17 नवंबर को युवक की निर्मम हत्या की और घर के तहखाने में तीन दिनों तक छिपाए रखा। इसके बाद 21 नवंबर को लाश फेंकी गई थी। उधर, जूही थाने में मृतक की उसके साथियों यूसुफ और धीरेंद्र ने 14 नवंबर को गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मृतक के मोबाइल नंबर को ट्रेस करते पुलिस मुराइन टोला तक पहुंची थी। इसके बाद मामले की पर्त दर पर्त खुलकर सामने आई।