फतेहपुर। बसपा के राष्ट्रीय महासचिव इंद्रजीत सरोज ने शुक्रवार को सपा सरकार पर दुष्कर्म की घटनाओं पर काबू न पाने का आरोप लगाया। सरोज ने खागा विधान सभा के छीमीं गांव में कैडर कैंप में अखिलेश सरकार पर हर रोज अस्मिता से खिलवाड़ होने की बात कहते हुए निशाना साधा। बोले कि इस सरकार के दो साल के कार्यकाल ने जनता को मुसीबतों में डाल दिया है। लोक सभा चुनाव में समस्याग्रस्त प्रदेश सरकार के अलावा केंद्र सरकार की मुख्यघटक कांग्रेस तथा भाजपा को सबक सिखाने को तैयार बैठी है। कैडर कैंप में सरोज ने बूथ व सेक्टर प्रभारियों से चुनावी तैयारियों की जानकारी हासिल की। उन बिंदुओं को जानना चाहा जो पिछले चुनाव में अनदेखी के चलते नाकामी की वजह बने थे। राष्ट्रीय महासचिव ने कार्यकर्ताओं के बीच सपा सरकार के एक के बाद एक कथित कारनामेे पेश किए। आरोप लगाया कि इस सरकार में हर दिन एक लड़की दुराचार का शिकार हो रही है। इस तरह की घटनाओं पर आला अफसरान तक परदा डालने में लगे हैं। साफ कहा कि दिल्ली में दरिंदगी की जो घटना हुई उससे सरकार ने सबक नहीं लिया। जिससे अपराधी और दुराचारी बेलगाम हो चुके हैं। कैंप में जिलाध्यक्ष सुनील कुमार गौतम, जिला प्रभारी श्रीनाथ पासी, कासिम उर्फ दारोगा, सूरज पाल गौतम, रामनारायण निषाद, विश्राम निषाद, लालता प्रसाद, मोती प्रसाद, मोहम्मद हुसैन, हंसराज, जियाउद्दीन, मोतीलाल समेत अन्य बसपा कार्यकर्ता मौजूदर रहे।