फतेहपुर। अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद विकलांग कल्याण सहायता समिति का क्रमिक अनशन दूसरे दिन शनिवार को भी जारी रहा। विकलांग मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय परिसर में चार सूत्रीय मांगों को लेकर शाम पांच बजे तक डटे रहे। सीएमओ को एक बार फिर पांच सूत्रीय ज्ञापन देकर समस्याओं के निराकरण की मांग की। ज्ञापन में कहा गया है कि मांसिक और श्रवण बाधित विकलांगों के परीक्षण के लिए टीम बुलाकर जांच कराते हुए विकलांग प्रमाण पत्र जारी कराए जाएं। पुराने सीएमओ दफ्तर में विकलांग बोर्ड के बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे नियमित रूप से विकलांगों के सुबह दस बजे से ही प्रमाण पत्र जारी हो सकें। सीएमओ दफ्तार में विकलांगों का बैकलाग की सूचना सार्वजनिक की जाए। विकलांगों को मिलने वाली निशुल्क चिकित्सा की सुविधा में पत्नी और उसके बच्चों को भी शामिल किया जाए। इसका पालन न होने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्यवाही का प्राविधन किया जाए। क्रमिक अनशन में शामिल होने वालों में आयोजक समिति के प्रबंधक जितेंद्र कुमार मिश्रा अष्टाबक्र, जिलाध्यक्ष मनोज द्विवेदी, श्रवण यादव, गोरेलाल तिवारी, इमामुन निशा, रामानंद, रविनंदन सिंह आदि प्रमुख हैं।