अमौली (बिंदकी)। कस्बे के सोनकर मोहल्ले के करीब आधा सैकड़ा लोगों ने बिजली,पानी जैसी मूलभूत समस्याओं के विरोध में ग्राम प्रधान के आवास पहुंचकर घेराव किया। इसके बाद कोटेदार एवं पावर हाउस में पहुंच हंगामा किया। बाद में आश्वासन पर शांत हुए। बाशिंदों के उपेक्षा का आरोप लगाया। रविवार की सुबह सात बजे ग्राम प्रधान अनिल ओमर के आवास पहुंचे मोहल्ले वाशिंदों ने सवालों की झड़ी लगा दी। ग्राम प्रधान से जानना चाहा कि बिजली, पानी जैसी बुनियादी जरूरतें मुहैया कराने के लिए उनके स्तर से क्या किया गया है। सरकारी दुकान से मिट्टी का तेल न मिलने की भी शिकायत की। ग्राम प्रधान ने बताया कि मोटर फुंक जाने की वजह से पानी की सप्लाई बाधित है। जिसे शीघ्र दुरुस्त करा लिया जाएगा। इसके साथ ही अन्य बिंदुओं पर भी जानकारी दी। केरोसिन के बारे में प्रधान ने जानकारी होने से अनभिज्ञता जताई इस पर वाशिंदे कोटेदार के घर पहुंच गए। हालात को देख कोटेदार ने शीघ्र वितरण कराने का आश्वासन दिया। यहां से सभी लोग पावर हाउस पहुंचे और प्रदर्शन किया। हिसाब बाद में आश्वासन पर मामला सुलझा। भूरा, बंटू, राजू, लक्ष्मी, विनोद सहित मोहल्ले के तमाम लोग शामिल रहे।