फतेहपुर। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार हो रहे संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को सरदार पटेल प्रेक्षागृह में मतदाता पंजीकरण मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए जिलाधिकारी कंचन वर्मा ने कहा कि मेले का आयोजन इस वजह से किया गया है कि ज्यादा से ज्यादा मतदाता अपना पंजीकरण कराकर फोटोयुक्त मतदाता पहचान पत्र प्राप्त कर लें। मतदाता पंजीकरण 20 नवंबर तक चलेगा। डीएम ने कहा कि जिन मतदाताओं का नाम निर्वाचक नामावली में न हो वह इसके लिए निर्धारित प्रारूप पर आवेदन करके नाम शामिल करवा लें। कहा कि युवा मतदाता अपना नाम शामिल कराने के लिए अपने उम्र के प्रमाण पत्र अवश्य दाखिल कर दें। इसके अलावा नाम संशोधन,नाम हटवाने के लिए अलग-अलग निर्धारित प्रारूप पर आवेदन कर सकते हैं। डीएम ने बीएलओ को आदेशित किया कि वह घर-घर जाकर अपने बूथ के मतदाताओं का सत्यापन कर लें। सदर तहसील के 672 बूथों के लिए बीएलओ नामित किए गए। अपर जिलाधिकारी उदयराज सिंह ने मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम में लगे अधिकारी/कर्मचारी तथा बीएलओ को जिम्मेदारियों का एहसास दिलाते हुए निष्ठापूर्वक कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शतप्रतिशत मतदाताओं को फोटोयुक्त मतदाता पहचान पत्र जारी किया जाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। उपजिलाधिकारी सदर, तहसीलदार सदर, समस्त नायब तहसीलदार एवं बीएलओ कार्यक्रम में उपस्थित रहे।