रियल स्टेट कंपनी के निदेशक समेत चार पर ठगी, लूट का मुकदमा
संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। रियल स्टेट कंपनी में रुपये दोगुना का लालच देकर अधिवक्ता से 60 हजार की ठगी की गई। मामले में अधिवक्ता ने ठगी और लूटपाट का कंपनी निदेशक समेत चार के खिलाफ ठगी और लूटपाट की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मलवां थाना क्षेत्र के बरमतपुर गांव निवासी संतोष कुमार अधिवक्ता हैं। उनके घर बृजेश कुमार जनवरी 2014 में आया और संस्था स्वराज इंफ्रालैंड डेवलपर्स लिमिटेड आलमबाग लखनऊ के बारे में बताया। कंपनी रियल स्टेट में रुपये लगाती है। मुनाफे के तौर पर रकम पांच साल में दोगुना करती है। उसे प्रलोभन देकर बृजेश संस्था के प्रधान कार्यालय आलमबाग लखनऊ ले गया।
संस्था के निदेशक रामसुफल ने लुभावने ऑफर दिए। उसके 60 हजार रुपये जमा कराए। अभिकर्ता बृजेश ने दो बांड 50 और 10 हजार का दिया। जनवरी 2019 में बांड परिपक्व होने का समय पूरा हो गया। दोगुना जमा धनराशि की मांगी। कई बार लखनऊ कार्यालय गया। रुपये न मिलने पर 28 जुलाई 2022 को विधिक नोटिस संस्था को भेजा।
इससे नाराज रामसुफल और उपनिदेशक शिखा श्रीवास्तव पत्नी रामसुफल, उपनिदेशक पुत्तन लाल निवासी पलनहा थाना हुसैनगंज, बृजेश कुमार 11 नवंबर 2022 की सुबह घर आए। नोटिस भेजने की खुन्नस में गाली-गलौज की। गाली देने से मना किया। उसके साथ पुत्तन लाल, बृजेश कुमार, रामसुफल, शिखा श्रीवास्तव ने मारपीट की।
उसकी चेन, अंगूठी और पांच हजार रुपये छीन लिए। शोर सुनकर गांव के लोग इकट्ठा हो गए। बीच-बचाव करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। मलवां थानाध्यक्ष मुकेश सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।