चौडगरा। मलवां ब्लाक के मयारामखेड़ा में वायरल बुखार के घर-घर मरीज हैं। सूचना पर पीएचसी गोपालगंज की टीम ने शनिवार को गांव में शिविर लगाकर रोगियों का इलाज किया। मरीजों का परीक्षण कर दवाइयां बांटी।
गांव में बीमारी फैलने की सूचना पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. बृजेश कुमार के नेतृत्व में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची। यहां पर शुगर, मलेरिया, डेंगू, टाइफाइड की जांच की गई। दोपहर तक दवा व जांच के लिए ग्रामीणों की भीड़ जमा रही।
45 मरीजों को बुखार, जुकाम, खांसी की दवाएं वितरित की गईं। उल्टी दस्त से भी कई मरीज परेशान रहे। इसके पहले भी मलवां ब्लाक के ममरेजपुर में वायरल बुखार की चपेट में आने से 75 मरीजों को दवाइयां बांटी गई थी। इस मौके पर प्रभारी चिकित्साधिकारी सहित बीसीपीएम राजेश कुमार, डॉ. मोनिका सिंह, एलटी माखनलाल द्विवेदी शामिल रहे।