जहानाबाद। कस्बे स्थित विद्युत उपकेंद्र के एक फीडर में केबल फाल्ट होने से 300 घरों में 12 घंटे से अधिक समय से विद्युत आपूर्ति ठप है। बिजली न होने के कारण जन्माष्टमी की सजी झांकियां अंधेरे में डूबी रहीं। मोमबत्ती की रोशनी में श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना कर जन्माष्टमी पर्व मनाया।
उपकेंद्र के जहानाबाद टाउन फीडर की लाइन में बंबा के ऊपर केबल में शुक्रवार रात 11 बजे तेज हवाओं के साथ बारिश के दौरान ब्लास्ट हो गई। ऐसे में फीडर से जुड़े घरों में बिजली आपूर्ति बंद हो गई।
इस फीडर से कच्छेउरा, पोजेपुर, बंबा ऊपर, लालूगंज, गढ़ी, मियांटोला, रज्योड़ा, बेहनौटा, केवटरा, नयागंज, छोटी बजरिया, सलवाती आदि मोहल्लों के 300 कनेक्शन धारकों को शनिवार की दोपहर 12 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
अवर अभियंता विवेक शर्मा ने बताया कि बंबा के ऊपर केबल ब्लास्ट होने से आपूर्ति प्रभावित हुई है। जिसे ठीक कराकर बिजली आपूर्ति चालू करा दी गई है।