अमौली। स्वामी विज्ञानानंद के नेतृत्व में पद यात्रा चौथे दिन कानपुर के गांवों में घूमी। नोन नदी के पुनर्जीवन व उद्धार की तलाश करते-करते पद यात्रा में शामिल लोग मंगलवार को कानपुर देहात के मूसानगर के पास छिटलिनपुर गांव पहुंचे। पदयात्रा के दौरान लोगों ने कई जगह स्वागत भी किया। कोटरा, मकनपुर, नदना होते हुए छिटलिनपुर में पहुंचकर स्वामी विज्ञानानंद ने सभा भी की। उन्होंने बताया कि अंग्रेजों के जमाने में छिटलिनपुर में नहर का पानी रोककर नोन नदी में जाता था। इसके लिए बनाई गई दीवार अब ध्वस्त हो चुकी है, जिससे पानी यमुना नदी में पहुंच रहा है। यदि दीवार फिर से बना दी जाए तो नोन नदी का उद्धार हो सकता है। उन्होंने बताया कि अब तक 72 किलोमीटर की यात्रा हो चुकी है। नोन नदी की समस्या का हल मिल गया है। अब जल्द ही जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर समस्या के निराकरण की मांग की जाएगी।