फतेहपुर। इंतजार की घड़ियां खत्म हुईं। 19,35,891 वोटर आज अपने मत के अधिकार से अपना सांसद चुनेंगे। संसदीय क्षेत्र से चुनाव में भाजपा, सपा व बसपा के प्रत्याशियों समेत कुल 15 प्रत्याशी चुनावी समर में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
सोमवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो जाएगा।
प्रत्याशियों और उनके समर्थक नेताओं के मान मनुहार पर फैसला लेने की अब बारी आपकी है। लोकतंत्र का त्योहार मनाने के लिए पोलिंग बूथ तैयार हैं। पोलिंग टीमें भी अपने-अपने तैनाती स्थल पर मुस्तैद हो चुकी हैं। रविवार को पोलिंग बूथों के लिए पोलिंग टीमें प्रशासन ने रवाना कीं। शाम तक सभी बूथों पर पोलिंग पार्टियां पहुंच गईं। सोमवार सुबह सात बजते ही वोटिंग शुरू हो जाएगी।
शहर के शांतीनगर स्थित विज्ञान भवन में मतदान कर्मी और सुरक्षा कर्मियों के साथ अधिकारियों की भीड़ जमा रही। सुबह आठ बजे से ही लाउडस्पीकर से सुरक्षा और मतदान कर्मियों को नियुक्ति बूथों का एलाउंस शुरू हो गया। दोपहर 12 बजे जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र के लिए पहली पोलिंग पार्टी रवाना हुई।
मतदेय स्थलों की होगी चौकसी ः लोकसभा चुनाव के मतदान स्थलों पर गड़बड़ी रोकने के लिए कारगर कदम उठाए गए हैं। बूथों पर तैनात सुरक्षा कर्मी आधुनिक हथियारों से लैस रहेंगे।