फतेहपुर। टाइल्स कारोबारी से 18.41 लाख रुपये धोखाधड़ी कर हड़प लिए गए। मामले में एसपी के आदेश पर बांदा के ग्रेनाइट फैक्टरी संचालक के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के कलक्टरगंज मोहल्ला निवासी सुल्तान का पीरनपुर में टाइल्स, ग्रेनाइट का कारोबार है। उनकी एक शाखा महोबा में है। उन्होंने एफआईआर में बताया कि 2018 में बांदा के गुरेह थाना के पल्हरी निवासी उमेश कुमार से मुलाकात हुई थी।
उमेश ने बांदा के सिलेहटा औद्योगिक एरिया मटोह पुलिया के पास स्थित ग्रेनाइट कटर की फैक्टरी दिखाई थी। रुपयों के अभाव में संचालित नहीं होना बताया। फैक्टरी चालू करने के लिए रुपयों की मदद मांगी। उसने 15.58 लाख रुपये उमेश के खाते में दिए।
इसके अलावा 30.18 लाख रुपये का लेनदेन हुआ। उमेश के पास अब बकाया 18.41 लाख अभी बचा है। कोरोना का बहाना बताकर उसे रुपये देने के नाम पर टरकाने लगा। 29 नवंबर 2021 उमेश और उसके दो साथी पीरनपुर स्थित गोदाम में आए। रुपये मांगने पर भड़क उठा।
इसके बाद भी वह लगातार रुपये मांगता रहा। उमेश नशे में 18 सितंबर 2022 को फिर एक साथी संग गोदाम पीरनपुर पहुंचा। कार का टायर उधार दिलाने के लिए कहने लगा। उसने पिछले रुपयों की बात कही। गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी।
आसपास के लोगों के इकट्ठा होने पर ई-रिक्शा में बैठकर भाग निकला। कोतवाल अमित मिश्रा ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।