फतेहपुर। भाजपा का नया हाईटेक पार्टी कार्यालय बनाने का काम शुरू हो गया है। भूमि पूजन के बाद निर्माण कार्य कराया जा रहा है। पार्टी कार्यालय सभी सुविधाओं से लैस होगा जिससे बैठक और कांफ्रेंस आदि में दिक्कत नहीं होगी। शहर के जेल रोड के पीछे सदर विधायक विक्रम सिंह के आवास के पास बगल चमनबाग में करीब बीस दिनों से निर्माण कार्य ने तेजी पकड़ ली है। पार्टी कार्यालय के निर्माण के लिए प्रदेश संगठन मंत्री सुनील बंसल ने भूमि पूजन किया था। अभी तक पार्टी कार्यालय किराए में चल रहा था। जिलाध्यक्ष दिनेश वाजपेयी ने बताया कि भाजपा प्रदेश में सभी जगह एक जैसे कार्यालय बनवा रही है। इसके अंतर्गत फतेहपुर में काम चल रहा है। पार्टी कार्यालय तीन खंड का बनेगा। इसमें प्रथम खंड में मीटिंग और कांफ्रेंस के लिए बड़े हाल बनेंगे। इसी प्रकार द्वितीय और तृतीय खंड में हाल और कमरों का निर्माण कराया जाएगा। पार्टी कार्यालय में कंप्यूटर, सीसी कैमरे, वाईफाई की सुविधा रहेगी। लगभग एक साल में यह बनकर तैयार हो जाएगा।