फर्रुखाबाद। संदिग्ध हालात में जरदोजी कारीगर की पत्नी की तबीयत बिगड़ गई। परिजन निजी नर्सिंग होम ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मायके वालों ने पुत्री को जहर देकर मार डालने का आरोप लगाया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस काफी देर तक सीमा विवाद में उलझी रही।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बाग रुस्तम में नलकूप के सामने रहने वाले कासिम जरदोजी कारीगर हैं। उनकी पत्नी रानी (30) की गुरुवार सुबह करीब साढ़े दस बजे अचानक तबीयत खराब हो गई। पति कासिम रानी को निजी चिकित्सक के यहां लेकर गया। जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रानी की मौत की सूचना पर बंगशपुरा कोहना निवासी उसके भाई आमिर मौके पर पहुंचे। भाई ने आरोप लगाया कि कासिम के किसी अन्य महिला के साथ नजदीकी संबंध हैं। इसी के चलते उसने बहन रानी को जहर देकर मार डाला। रानी के दो पुत्र हैं। 10 साल पहले उसकी शादी हुई थी। कासिम पहले कायमगंज के गौऊखाना में रहता था।
लगभग तीन-चार साल पहले ही मोहल्ला बाग रुस्तम में मकान बनाया है। सूचना मिलने पर सीओ सिटी प्रदीप सिंह, थानाध्यक्ष मऊदरवाजा अमित गंगवार व शहर कोतवाल जेपी शर्मा आदि पुलिस बल के साथ पंहुचे। शहर कोतवाली पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
डेढ़ घंटे उलझा रहा सीमा विवाद
थाना मऊदरवाजा व शहर कोतवाली पुलिस के बीच सीमा विवाद फंस गया। दोनों थानों की पुलिस अपनी-अपनी सीमा में घटना न होने की बात करती रही। शहर कोतवाली पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।