- 64 में से 23 ही पार कर सके पहली बाधा
संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रूखाबाद। सेना में भर्ती होने के लिए युवाओं को अग्नि परीक्षा से गुजरना पड़ रहा है। तरह तरह- की बाधाओं को पार करने के बाद ही देश की रक्षा का सौभाग्य मिलता है। युवा भी अपनी धुन के पक्के हैं। बदलते मौसम और रात-दिन की परवाह किए बिना वह अग्निपथ पर चलने को बेताब हैं।
रविवार को राजपूत रेजीमेंट सेंटर में अग्निवीर रिलेशनशिप भर्ती में ट्रेडसमैन के पदों के लिए भर्ती हुई। भर्ती देखने के लिए आए युवा अल सवेरे से ही अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। सिखलाइट रेजीमेंट सेंटर के बैरियर से अंदर दाखिल हुए 64 युवाओं के शैक्षिक प्रमाण पत्रों की जांच की गई। जांच के दौरान लंबाई कम होने पर भी 11 युवाओं को मैदान में प्रवेश करने से पहले ही बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। 53 युवा रेजीमेंट के करियप्पा मैदान में दौड़ परीक्षा के लिए पहुंचे। दौड़ के दौरान 25 ही तय समय सीमा के तहत बाधा पार कर सके।
अन्य शारीरिक गतिविधियों में 2 अन्य युवा फेल कर दिए गए। 23 को फिट घोषित कर स्वास्थ्य परीक्षण के लिए भेजा गया। भर्ती अधिकारी ने बताया कि विभिन्न ट्रेड के लिए हुई भर्ती में चयनित इन युवकों की दक्षता परीक्षा ली जाएगी। परीक्षा में उत्तीर्ण होने के बाद ही इनको आगे के लिए चयनित कर भेजा जाएगा। बताया कि 3 जुलाई को रिजर्व डे रखा गया है। विभिन्न चरणों में चयनित किए गए युवाओं को सितंबर के पहले सप्ताह में प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे। 10 सितंबर को लिखित परीक्षा होगी।