संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। इटावा-बरेली हाईवे पर हुल्लापुर चौराहे के पास तेज रफ्तार एक पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। उस पर सवार चाचा व भतीजी घायल हो गई। घायलों को लोहिया अस्पताल लाया गया। वहां डॉक्टर ने चाचा को मृत घोषित कर दिया। इससे परिजनों में कोहराम मच गया।
कासगंज जिले के थाना पटियाली के ग्राम मुलू नगला निवासी फैसल खां (18) भतीजी गुलफशां (12) के साथ गुरुवार सुबह बड़े भाई सोनू की ससुराल हरदोई के कस्बा हरपालपुर जा रहा था। बाइक जब हुल्लापुर चौराहे पर पहुंची, तो मोड़ते वक्त तेज रफ्तार एक पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार चाचा व भतीजी दूर जा गिरे। अल्हागंज थाना पुलिस ने दोनों घायलों को होमगार्ड सचिन कुमार के साथ लोहिया अस्पताल भेज दिया।
पिकअप को कब्जे में ले लिया। हालांकि चालक मौका पाकर फरार हो गया। सिर में गंभीर चोटें होने पर दोनों को लोहिया अस्पताल से रेफर कर दिया गया। सूचना मिलते ही फैसल के भाई सोनू, पिता नन्हें, चाचा आदि परिजन लोहिया अस्पताल पहुंचे। परिजन दोनों घायलों को निजी अस्पताल ले गए। वहां इलाज के दौरान फैसल खां की हालत और बिगड़ गई। दोनों की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन शहर के एक निजी अस्पताल में दोनों को ले गए।
हालत गंभीर होने पर अस्पताल प्रशासन ने बाहर ले जाने की बात कही। इस पर परिजन शाम चार बजे उन्हें फिर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां ईएमओ डॉ. अभिषेक चतुर्वेदी ने फैसल को मृत घोषित कर दिया। फैसल हेलमेट नहीं लगाए था। वह सात भाई-बहनों में पांचवें नंबर का था। मां शकीना व परिजन रो-रोकर बेहाल हो गए।