कायमगंज। जर्जर लिंटर गिरने से उसके नीचे सो रहा युवक गंभीर घायल हो गया। परिजन सीएचसी कायमगंज लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
एटा जनपद की अलीगंज कोतवाली क्षेत्र का गांव नगलामोहन कायमगंज के गांव विराहिमपुर के पास है। बुधवार भोर में गांव नगलामोहन निवासी स्व रामनाथ का पुत्र अवधेश कुमार(36) घर के पास ही अपने चाचा के जर्जर मकान के बरामदे में सो रहा था। सुबह करीब साढ़े चार बजे बारिश के दौरान मकान के बरामदे का लिंटर भरभराकर गिर गया।
धमाके की आवाज सुनकर परिजन व अन्य ग्रामीण जाग गए। परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर लिंटर का मलबा जल्दी से हटाया। घायल अवधेश को बाहर निकाला। अवधेश को परिजनों ने सीएचसी कायमगंज में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान अवधेश ने दम तोड़ दिया।
परिजन बुरी तरह बिलखने लगे। सीएचसी की सूचना पर नगर चौकी पुलिस पहुंच गई। चौकी प्रभारी वीएस तिवारी ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेजा। भाई आनंद ने बताया कि अवधेश चार भाइयों में सबसे छोटा और मंदबुद्धि था। उसकी शादी नहीं हुई थी।
बुधवार सुबह अवधेश अचानक जर्जर बरामदे में जाकर सो गया और अचानक हादसा हो गया। उसकी दो बहनें हैं। सभी भाई-बहनों की शादियां हो गईं हैं। सीएचसी में अवधेश की मौत से मां गंगा देवी व अन्य परिजन काफी दुखी थे।