फर्रुखाबाद। पुलिस से शिकायत करने पर युवक को चार नामजद सहित कई अज्ञात लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घायल का मेडिकल कराया है।
मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के मोहल्ला गढ़ी अशरफ अली निवासी अमित कुमार के घर के बाहर 12 अक्तूबर की शाम को कुछ लोग गाली-गलौज के बीच मारपीट कर रहे थे। अमित ने इसकी सूचना यूपी 112 पर दे दी। पुलिस के आने पर मारपीट कर रहे लोग मौके से भाग गए। पुलिस मौके पर जांच करके वापस चली गई। कुछ देर बाद मोहल्ला नवाब न्यामत खां निवासी कमल, मोहल्ला सवोदय नगर निवासी सौरभ, गांव कुइयां बूंट निवासी आकाश, मोहल्ला धर्मशाला गढ़ी अशरफ अली निवासी मानू व कई अज्ञात युवक लाठी-डंडे लेकर आए और पुलिस से शिकायत करने का आरोप लगाकर मारपीट कर घायल कर दिया।
आसपास के लोगों के ललकारने पर यह लोग भाग गए। पुलिस ने अमित की तहरीर पर चार नामजद सहित कई अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। अमित का लोहिया अस्पताल में मेडिकल कराया गया। इसमें उसके हाथ की हड्डी टूटी पाई गई।