कमालगंज। स्कूल जा रही छात्रा का पीछा कर अश्लील टिप्पणी करने के मामले में पीड़िता ने थाने पहुंचकर शिकायत की। पुलिस ने युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
कस्बा के निकटवर्ती एक गांव निवासी युवती ने इमलियाहार के बबलू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें कहा कि वह कस्बा के एक स्कूल में 12 वीं की छात्रा है। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे वह स्कूल जा रही थी। रास्ते में कस्बा के सुभाष नगर मोहल्ले में स्थित विद्युत बिल जमा केंद्र के पास आरोपी उसे देख कर अश्लील बातें करने लगा। छात्रा ने बताया कि तीन दिनों से स्कूल आते- जाते आरोपी उसका पीछा कर परेशान कर रहा। आरोपी ने घर वालों को कुछ भी बताने पर धमकी दी। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने आरोपी बबलू को गिरफ्तार कर लिया। थाने लाकर पूछताछ के बाद दोपहर को उसका धारा 170 बीएनएसएस में चालान कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक रणविजय सिंह ने बताया कि छात्रा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसका चालान कर दिया। (संवाद)