फीता काटकर रक्तदान शिविर का उद्घाटन करते डीएम कर्ण सिंह, सीएमओ डॉ. राकेश कुमार, एसपी राजेश कृष्ण, सीएमएस डॉ. बीबी पुष्कर।
- फोटो : अमर उजाला
फर्रुखाबाद। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से विश्व रक्तदान दिवस पर लोहिया अस्पताल में लगे शिविर में 129 लोगों ने रक्तदान किया।
डीएम कर्ण सिंह चौहान ने फीता काटकर शिविर का उद्घाटन किया और सबसे पहले उन्होंने और एसपी राजेश कृष्ण ने रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया।
इसके बाद सीएमओ डॉ. राकेश कुमार, एसडीएम सदर सुरेंद्र कुमार सिंह, केंद्रीय कारागार के अधीक्षक बीपी त्रिपाठी और ने भी रक्तदान कर लोगों को जागरुक किया।
अब तक जिले में किसी भी संस्थान की ओर से इतनी भारी संख्या में रक्तदाताओं ने रक्तदान नहीं किया है।
सीएमओ का कहना है कि अमर उजाला फाउंडेशन ने ऐतिहासिक रक्तदान करवाया है और आज तक के सारे रिकार्ड टूट गए हैं।
अधिकारियों के रक्तदान करने के बाद रक्तदाताओं की संख्या बढ़ती ही चली गई। हालात ये हो गए कि रक्तदान के लिए ब्लड बैंक छोटा पड़ गया।
सीएमएस डॉ. बीबी पुष्कर ने रक्तदाताओं के रक्तदान करने के लिए अलग से व्यवस्था कराई। तपती गर्मी के बावजूद लोगों रक्तदान का उत्साह देखने लायक था।
दिन भर लोहिया अस्पताल में लोग रक्तदान करते रहे । शाम पांच बजे तक 129 लोगों ने रक्तदान कर नया रिकॉर्ड कायम किया।
शिविर में भाजपा नेता अभय सिंह जनसेवक और मेजर सुनीलदत्त द्विवेदी ने रक्तदान कर लोगों को जागरूक किया।
इनके अलावा खंड शिक्षाधिकारी वेगीश गोयल, जिला विद्यालय निरीक्षक कमलेशबाबू, सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी राजीव मिश्र ने भी रक्तदान किया।