फर्रुखाबाद। शिक्षा में गुणात्मक सुधार के लिए जिलाधिकारी ने महकमेे चल रही योजनाओं की समीक्षा की। विद्यालयों और बच्चों को निपुण बनाने के लिए सभी को ईमानदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
बुधवार शाम कलक्ट्रेट सभागार में हुई शिक्षा विभाग की बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने कहा कि परिषदीय विद्यालयों के कायाकल्प के लिए कराए जा रहे 19 पैरामीटर के कार्यों को पूरा किया जाए। समीक्षा के दौरान राजेपुर ब्लाक की स्थिति खराब मिलने पर नाराजगी जताई। डीएम ने कहा सभी अधिकारी दो दिनों के अंदर सभी निरीक्षण पूरे कर लें। स्कूल चलो अभियान के बावजूद विद्यालयों में बच्चों की कमी पर चिंता जताई। कहा कि निरीक्षण के दौरान नवीन नामांकन और बच्चों की उपस्थिति कम मिल रही है। बच्चों की उपस्थिति में सुधार करने के निर्देश डीएम ने अधिकारियों को दिए। कहा कि बच्चों और विद्यालयों को निपुण बनाने के लिए सभी एआरपी, शिक्षक संकुल, पूरी लगन और ईमानदारी के साथ कार्य करें। कस्तूरबा विद्यालयों में स्टॉफ की उपस्थिति ठीक करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार मिश्र, जिला विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार पाठक, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डा. दलवीर सिंह , जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी लाल जी यादव, डीपीआरओ आदि मौजूद रहे।