फर्रुखाबाद। नौ साल पहले पॉक्सो का झूठी रिपोर्ट लिखाने के मामले में दरोगा ने वादी पर रिपोर्ट दर्ज करवा दी है। वादी ने पांच नामजदों को फंसाया था।
शहर कोतवाली के मोहल्ला डबग्रान निवासी अंजुम बेगम ने वर्ष 2016 में सुतहट्टी के असलम उर्फ चुन्नू, शाकिर कुंजड़ा, अकरम, आरिफ, फरीन के खिलाफ पॉक्सो समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें आरोपियों पर किशोर पुत्री को घर से ले जाकर दुष्कर्म और लूटपाट का आरोप लगाया था। इसकी सुनवाई कोर्ट में चली। अदालत में मामला झूठा पाया गया। कोर्ट के आदेश पर थाने के दरोगा राहुल सिंह ने वादी अंजुम बेगम के खिलाफ धारा 22 में रिपोर्ट दर्ज करवा दी है। कोतवाली प्रभारी राजीव पांडेय ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर अंजुम पर रिपोर्ट लिख ली गई है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई करेंगे।