फर्रुखाबाद। दो लाख की मांग नहीं पूरी होने पर ससुरालीजनों ने महिला को पीटकर घर से निकाल दिया। पुलिस ने पति सहित पांच के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर लिया।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नगला नैन निवासी स्मिता उर्फ सायरा बानो ने जनपद हरदोई थाना बिलग्राम गांव रोशनपुर निवासी पति दानिश, जेठ गुड्डू, पप्पू, सास फरजाना बेगम, जेठानी गुड़िया के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। इसमें आरोप लगाया कि 31 जनवरी 2018 को उसकी शादी दानिश के साथ धूमधाम से की गई थी। शादी के कुछ माह बाद ही ससुरालीजन दहेज में दो लाख रुपये व सोने के जेवरात की मांग कर उसके साथ मारपीट करने लगे।
वह पति के साथ महाराष्ट्र जनपद थाणे मोहल्ला आनंद नगर में रहने लगी। पति बकरीद पर उसको मुंबई छोड़कर घर चला गया। पीछे से स्मिता उर्फ सायरा बानो घर आई तो उसको ससुराल में घुसने नहीं दिया। उसे पीटकर घर से निकाल दिया। वापस महाराष्ट्र पहुंचने पर भी उसके साथ मारपीट की गई। पर्स से उसके गहने चोरी कर लिए गए। कोतवाल हरिश्याम सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है।