राजेपुर। ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर से मोपेड सवार महिला की मौत हो गई। परिजनों ने बरेली-इटावा हाईवे पर जाम लगा दिया। पुलिस ने नोकझोंक के बीच एक घंटे में जाम खुलवा दिया। शहर कोतवाली के मोहल्ला दीनदयाल बाग निवासी रामदास पत्नी रूपरानी (48) को राजेपुर के एक वैद्य के यहां से दवा दिलाकर मोपेड से घर आ रहे थे। जमापुर मोड़ पर फर्रुखाबाद की ओर से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने मोपेड में टक्कर मार दी। रूपरानी मोपेड से गिरकर ट्रॉली के पहिए के नीचे आ गई। चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर भाग गया। पति रामदास की सूचना पर परिजन आ गए और कार्रवाई की मांग कर हाईवे पर जाम लगा दिया।
एसओ योगेंद्र सिंह सोलंकी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। जाम खुलवाने को लेकर एसओ की परिजनों से तीखी नोकझोंक हुई। दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई। एक घंटे बाद पुलिस ने जाम खुलवा दिया। ट्रैक्टर ट्रॉली को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया। रूपरानी की पुत्री ऊषा, नीलम, पुत्र विनीत, धर्म, नितिन का रो-रो कर बुरा हाल है।