जहानगंज। कमरे के कुंडे में महिला फंदे पर लटकी मिली। पति की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतारा। महिला के पिता ने ससुरालीजनों पर दहेज हत्या का आरोप लगाया है।
थाना क्षेत्र के गांव रायपुर निवासी धनपाल सिंह पाल घर में ही डेयरी चलाते हैं। बुधवार की रात पत्नी रामश्री और बेेटे दिव्यांश के साथ आंगन में सो गए। सुबह जब जागे तो पत्नी रामश्री (28) को चारपाई पर नहीं थी। इस पर उन्होंने आवाज लगाई। पत्नी का जवाब नहीं मिलने पर कमरे में जाकर देखा तो रामश्री कुंडे में साड़ी से फंदे पर लटक रही थी।
धनपाल के चीखने पर परिवार और आसपास के लोग एकत्र हो गए। धनपाल ने पुलिस और अपने ससुर हरदोई जिले के थाना लोनार के गांव पकरी निवासी भइयालाल को पत्नी की खुदकुशी की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। शव को फंदे से उतारकर पति धनपाल से घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम हाउस में भेज दिया। पिता भइया लाल ने ससुराल वालों पर दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर हत्या कर फंदे पर लटकाने का आरोप लगाया है।
रामश्री के एक बेटा दिव्यांश है। एसओ मनोज भाटी ने बताया कि महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।