कमालगंज। बरसात के दौरान छत पर सूख रहे कपड़े उतारने गई महिला की बिजली गिरने से मौत हो गई। आवाज सुनकर बच्चे मौके पर पहुंचे तो मां को बेहोश पड़ा पाया था।
थाना क्षेत्र के गांव सिंघीरामपुर निवासी वीरपाल मजदूरी करके परिवार का भरण-पोषण करता है। उसकी पत्नी फूलमती(40) बुधवार दोपहर लगभग ढाई बजे बरसात होने पर छत पर सूख रहे कपड़े उतारने गई थीं। उसी दौरान बिजली उनके ऊपर गिर गई। फूलमती छत पर धड़ाम से गिर पड़ीं। घर में मौजूद पुत्र अनिकेत, संदीप, कुलदीप व रिषभ बिजली गिरने की आवाज सुनकर छत पर भागकर पहुंचे। वहां मां को अचेत पड़ा पाया। सूचना पर वीरपाल मौकेे पर पहुंचे। पत्नी फूलमती को सीएचसी लेकर आए। वहां तैनात डॉक्टर ने फूलमती को मृत घोषित कर दिया। पुत्रों के अलावा पुत्री अनीता दहाड़े मारकर रोने लगी।एसओ राजेश राय ने बताया तहरीर मिलने पर पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा। (संवाद)