लोहिया अस्पताल में नसबंदी ऑपरेशन करवाने वाली नवाबगंज क्षेत्र की एक महिला गर्भवती निकली। यह जानकारी महिला को अल्ट्रासाउंड कराने पर हुई। महिला ने सीएमओ से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
फर्रुखाबाद जिले में नसबंदी के बाद जांच में महिला गर्भवती निकली। इस पर महिला ने सीएमओ से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। मिली जानकारी के अनुसार, नवाबगंज क्षेत्र के गांव महमदपुर निवासी महिला ने नवंबर 2021 में लोहिया अस्पताल में नसबंदी कराई।
विज्ञापन
उसके पांच बच्चे पहले से हैं। गुरुवार को आशा विमला के साथ लोहिया अस्पताल जाकर महिला ने अल्ट्रासाउंड कराया। रिपोर्ट में उसे पता चला कि वह डेढ़ माह की गर्भवती है। आशा कार्यकर्ता के साथ महिला ने सीएमओ कार्यालय में नसबंदी फेल होने के संबंध में शिकायत की।
पीड़ित महिला का आरोप है कि चिकित्सकों की लापरवाही के कारण उनकी नसबंदी असफल रही है। उसने अधिकारियों से शिकायत करते हुए चिकित्सकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही डॉक्टरों की लापरवाही के कारण मानसिक और आर्थिक परेशानी झेलने पर आर्थिक सहायता मांगी है।
वहीं, सीएमओ डॉ. अवनींद्र कुमार ने बताया कि महिला की नसबंदी फेल होने पर उसे 30 हजार रुपये मुआवजा देने का प्रावधान है। पीड़ित महिला की ओर से शिकायत मिली है। मामले की जांच कर पुष्टि होने पर महिला को मुआवजा दिलाया जाएगा।