फर्रुखाबाद। शहर की सातनपुर मंडी में डीएम के आदेश के 14 दिन बाद शुक्रवार को गेहूं क्रय केंद्र खोल दिया गया। क्षेत्रीय विपणन अधिकारी ने जियो टैगिंग की। फिलहाल मौके पर केंद्र प्रभारी मौजूद न होने से ताला लगा मिला।
शासन से इस वर्ष गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 150 रुपये बढ़ाकर 2275 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। एक अप्रैल से गेहूं की खरीद शुरू होनी है। एक माह पूर्व जिलाधिकारी डॉ.वीके सिंह ने एक मार्च से सभी चयनित 47 गेहूं क्रय केंद्र खोलने के आदेश दिए थे। केंद्र प्रभारियों को किसानों से संपर्क कर उनका पंजीकरण करने की बात कही थी। पिछले तीन वर्ष से गेहूं की लक्ष्य से काफी कम खरीद हो रही है।
सातनपुर मंडी परिषद ने शुक्रवार को क्रय केंद्र खोला। क्षेत्रीय विपणन अधिकारी पुरुषोत्तम दास ने मौके पर जाकर जियो टैगिंग की। फिलहाल क्रय केंद्र में ताला पड़ा था। बैनर लगा दिया गया है। कोई कर्मचारी भी मौजूद नहीं था। मंडी सचिव रामसेवक वर्मा ने बताया कि मंडी इंस्पेक्टर शिवम सक्सेना को केंद्र प्रभारी बनाया गया है। शनिवार से क्रय केंद्र विधिवत खोलकर किसानों का पंजीकरण व प्रचार-प्रसार शुरू कर दिया जाएगा। मंडी में तीन अन्य केंद्र भी संचालित हैं।