मोहम्मदाबाद। राष्ट्रीय राजमार्ग पर पसनिंगपुर के पास बन रही पुलिया के लिए वैकल्पिक रास्ता बनाया गया। इसमें गड्ढे होने से गेहूं लदी ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्राॅली फंस गई। लेटलतीफ पहुंची पुलिस ने दूसरी ट्रैक्टर-ट्राॅली में गेहूं लदवाकर सात घंटे बाद जाम खुलवाया। इस दौरान हाईवे पर दोनों तरफ चार-चार किमी. तक वाहनों की लाइन लगी रही।
बरेली-इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्माणाधीन पसनिंगपुर पुलिया पर कार्यदायी संस्था ने काम बंद कर दिया है। वाहनों के निकलने के लिए वैकल्पिक रास्ता बनाया गया है। मरम्मत के अभाव में बड़े गड्ढे हो गए। इन दिनों फर्रुखाबाद में ट्रैक्टर ट्राॅलियों से गेहूं मदनपुर वेयरहाउस में ले जाया जा रहा है। बुधवार सुबह करीब पांच बजे गेहूं लदा एक ट्रैक्टर गड्ढे में फंस गया। लिहाजा वाहनों का आवागमन बंद हो गया। इससे हाईवे पर दोनों तरफ जाम लगना शुरू हो गया। कार, बसें, ट्रक, मैजिक आदि बड़े वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
लेटलतीफ पहुंची थाना पुलिस ने दूसरा ट्रैक्टर मंगवाकर गेहूं की बोरी उसमें लदवाईं। ट्रैक्टर निकलने के करीब डेढ़ घंटे बाद वाहनों का आवागमन सामान्य हो सका। सात घंटे बाद जाम पूरी तरह खुल सका। जाम के दौरान दोनों तरफ हाईवे पर करीब चार-चार किमी. लंबी कतारें लग गईं। इससे वाहन चालकों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस की लेटलतीफी राहगीरों पर भारी पड़ी।