संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखाबाद। जनपद में 2.38 लाख बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिलाई जाएगी। 16 सितंबर तक चलने वाले इस अभियान का बुधवार को सीएमओ ने बच्चे को खुराक पिलाकर शुभारंभ किया।
फतेहगढ़ के नवदिया स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर सीएमओ डॉ.अवनींद्र कुमार ने नौ माह के बच्चे हर्ष को विटामिन ए की खुराक पिलाई। अभियान के तहत नौ माह से पांच वर्ष तक के बच्चों को खुराक पिलाई जाएगी। सीएमओ ने कहा कि विटामिन एक की खुराक से बच्चों में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ने के साथ रतौंधी आदि बीमारियों से बचाव होता है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ.सर्वेश यादव ने कहा कि विटामिन ए बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। यह अभियान प्रति छह माह में चलाया जाता है। इससे आंखों की बीमारी रतौंधी, अंधता से बचाव व शारीरिक विकास होता है। बच्चों में दस्त, निमोनिया से भी रक्षा करता है। प्रत्येक बुधवार व शनिवार को नियमित टीकाकरण के साथ विटामिन ए की खुराक पिलाई जाएगी। एएनएम पूनम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संतोष भदौरिया, रानी, अनुराग दीक्षित आदि मौजूद रहे।