संकिसा। रात को घर से निकले ग्रामीण का शव अंगौछे से पेड़ पर लटका मिला। सूचना पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया। ससुर ने दामाद के खुदकुशी करने की तहरीर दी।
मेरापुर क्षेत्र के गांव हथौड़ा निवासी देशराज जाटव उर्फ सुक्खू (38) शनिवार की शाम को घर आया। देशराज ने खाना खाया और उसी दौरान पत्नी राधा देवी से कुछ कहासुनी हो गई। देशराज घर से बाहर निकल आया। काफी देर तक देेशराज नहीं आया तो पत्नी ने आसपास तलाश किया। लेकिन देशराज का पता नहीं चला। पत्नी राधा बच्चों के साथ सो गई।
रविवार की सुबह ग्रामीण वन विभाग की जमीन में शौच करने के लिए गए। वहां बबूल के पेड़ पर अंगौछे से देशराज के शव फंदे पर लटका हुआ पाया। ग्रामीण की सूचना पर पत्नी राधा, पुत्री जिया, नेहा, स्वीटी, सविता, खुशबू मौके पहुंची और दहाड़े मारकर रोने लगी। जानकारी पर राधा के पिता श्रीनिवास भी परिजनों के साथ वहां पहुंच गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को फंदे से उतारा। ससुर श्रीनिवास की तहरीर पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।