मोहम्मदाबाद। खेत में बकरी घुसने के विरोध पर तीन लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर ग्रामीण को घायल कर दिया। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। दो समुदायों में तनाव की सूचना पर सीओ ने मौके पर जाकर जांच की।
कोतवाली क्षेत्र के गांव हरकमपुर निवासी उमेश कुमार बुधवार को खेत में मक्का काट रहा था। उसी दौरान गांव के फैसल अली की बकरी मक्का की फसल खाने लगी। उमेश के विरोध करने पर फैसल वहां से बकरी लेकर चला आया। शाम को उमेश ने फैसल से उसकी जगह में रखी लकड़ी हटाने के लिए कहा। इस पर दोनों पक्षों में गाली-गलौज होने लगी।
फैसल, खुर्शीद, अफजल ने लाठी-डंडों से उमेश पर हमला कर उसको घायल कर दिया। परिजनों व ग्रामीणों के बीच बचाव करने पर यह लोग धमकी देकर चले गए। पुलिस ने उमेश की तहरीर पर फैसल सहित तीनोें के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। घायल उमेश का सीएचसी पर मेडिकल कराया गया। गुरुवार को पुलिस को सूचना मिली कि मारपीट की घटना से दोनों समुदाय के लोगों में तनाव है।
सीओ मोहम्मदाबाद अरूण कुमार ने मौके पर जाकर छानबीन की, लेकिन वहां तनाव की बात सही नहीं पाई गई।