कायमगंज। ट्रेन की चपेट में आकर अविवाहित ग्रामीण की मौत हो गई। कुछ देर बाद उसकी पहचान हो सकी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने बताया सोमवार शाम को घर से लापता था। शराब पीने का आदी था।
पितौरा रेलवे क्रासिंग से करीब 500 मीटर दूर पूर्व की ओर ग्रामीणों ने ट्रैक किनारे ग्रामीण का शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा देखा। जानकारी पर गेटमैन भी वहां पहुंच गए। स्टेशन से मेमो की सूचना पर इंस्पेक्टर रामअवतार, नगर चौकी प्रभारी वीएस तिवारी व एसआई नितिन कुमार फोर्स के साथ पहुंचे। शव की तलाशी ली। कोई ऐसी चीज नहीं मिली जिससे पहचान हो सके। कुछ देर में वहां भीड़ जमा हो गई।
पुलिस ने शव के फोटो सोशल मीडिया पर प्रसारित किए। फोटो देखकर उसकी पहचान गांव सलेमपुर दूदेमई के मजरा नगला नट निवासी गंगाराम (56) के रूप में हुई। बड़े भाई सूरजपाल ने बताया कि गंगाराम अविवाहित था। मजदूरी करता था। रात को गांव के एक किसान के खेत में लगी सबमर्सिबल पर सो जाता था। गंगाराम शराब पीने का आदी था। उसे मिर्गी का दौरा भी आता था। अनुमान लगाया जा रहा है कि शराब के नशे में ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। गंगाराम दो भाई हैं। सूचना पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर फोटोग्राफी कर नमूने लिए। सूचना पर आरपीएफ ने भी जांच पड़ताल की।
इंस्पेक्टर रामअवतार ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।