फर्रुखाबाद। विभिन्न राज्यों में 100 से अधिक मामलों में 65 लाख रुपये की ठगी करने के आरोपी युवक को साइबर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपी ने अपना नाम थाना अमृतपुर के गांव पप्पू सिंह का गुडेरा निवासी जागेश्वर बताया। आरोपी के पास से पुलिस ने तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन सभागार में सीओ साइबर सेल अभय वर्मा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी अपने मोबाइल से जस्ट डायल ऐप पर फर्जी आईडी बनाकर ट्रांसपोर्ट संबंधी पूछताछ करता था। इसके बाद वह व्हाट्सएप और फोन कॉल के जरिए लोगों से संपर्क कर खुद को ट्रांसपोर्ट कंपनी का प्रतिनिधि बताता था। ट्रांसपोर्ट बुकिंग के नाम पर एडवांस रकम मांगता और भरोसा दिलाने के लिए तिरुपति लॉजिस्टिक प्राइवेट लिमिटेड के नाम से फर्जी जीएसटी, आरसी और ऑनलाइन बैंक ट्रांजेक्शन की रसीदें तैयार करता था। फर्जी दस्तावेज और भुगतान रसीदें व्हाट्सएप पर भेजकर लोगों को विश्वास में लेता था। सीओ ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ लंबे समय से इस ठगी को अंजाम दे रहा था। पकड़े गए आरोपी के पास से पुलिस टीम ने तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। मोबाइलों में व्हाट्सएप चैट और भेजे गए फर्जी दस्तावेजों के स्क्रीनशॉट मिले हैं।