फर्रुखाबाद। औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी शुक्रवार मध्य रात जिले में आए। यहां पहुंचकर भाजपा के पक्ष में वैश्य समाज को एकजुट होने की नसीहत दी। सरकार के कार्यों को गिनाकर ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने की बात कही।
शहर के लोहाई रोड स्थित एक भाजपा नेता के आवास पर आयोजित व्यापारी सभा में शुक्रवार शाम सात बजे औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी के आने का कार्यक्रम था। कार्यक्रम में वह पांच घंटा देरी से रात करीब 12 बजे पहुंचे। उन्होंने व्यापारी व वैश्य समाज के लोगों से मुलाकात कर चल रहे चुनाव के बारे में जानकारी की। मंत्री ने कहा कि भाजपा विकास व सुशासन के मुद्दे पर चुनाव लड़ रही है। सरकार ने प्रदेश में बेहतर कानून व्यवस्था और व्यापारियों को सुरक्षित माहौल दिया है। अन्य राजनीतिक दल जाति व मजहब के आधार पर प्रदेश को बांटते आए हैं। अब गुंडों, माफियाओं का प्रदेश में कोई स्थान नहीं है।
उन्होंने पुरानी यादें ताजा करते हुए कहा कि फर्रुखाबाद से उनका विशेष लगाव है। उन्होंने व्यापारियों से ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने के लिए एकजुट होने की अपील की। इस दौरान सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी, व्यापारी ओमप्रकाश गुप्ता, रजनीकांत गुप्ता, पूर्व सभासद अनुपम रस्तोगी, भाजपा नेता विश्वास गुप्ता, डॉ.रजनी सरीन, मोहन अग्रवाल, मनोज उर्फ पप्पू रस्तोगी, बॉबी गुप्ता, शिवांग रस्तोगी आदि मौजूद रहे।