फर्रुखाबाद। राजेपुर क्षेत्र के गांव भरखा निवासी श्रीपाल (50) की बृहस्पतिवार को एक मेडिकल स्टोर पर इंजेक्शन लगने के बाद तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। परिजन ने गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। श्रीपाल बुखार से पीड़ित थे और दवा लेने भरखा चौराहे स्थित मेडिकल स्टोर गए थे। मेडिकल स्टोर संचालक ने उन्हें इंजेक्शन दिया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ की और मेडिकल स्टोर पर भी जांच की। थानाध्यक्ष दर्शन सिंह सोलंकी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजन की तहरीर व पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। राजेपुर क्षेत्र में झोलाछापों के इलाज से अक्सर घटनाएं होती हैं, जिसमें स्वास्थ्य विभाग की मिलीभगत का आरोप है।