फर्रुखाबाद। नगर निकायों में अध्यक्षों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। इससे बोर्ड निष्क्रिय हो जाएगा। अब नगर निकायों में विकास कार्य कराने के लिए जनता सीधे एडीएम को अपना प्रस्ताव दे सकेगी।
जनपद के छह नगर निकायों में नगर पंचायत कंपिल के अध्यक्ष का कार्यकाल 18 दिसंबर को ही समाप्त हो गया। नगर पंचायत कमालगंज के अध्यक्ष के अधिकार सोमवार को समाप्त हो गए हैं। नगरपालिका कायमगंज का चार जनवरी, नगर पंचायत शमसाबाद का पांच जनवरी, मोहम्मदाबाद व नगर पालिका फर्रुखाबाद के अध्यक्ष का छह जनवरी को कार्यकाल पूरा होने के बाद खाता संचालन के अधिकार समाप्त हो जाएंगे।
अपर जिलाधिकारी सुभाष चंद्र प्रजापति ने बताया कि किसी निकाय में विकास कार्य कराने के लिए कोई भी व्यक्ति उन्हें प्रस्ताव दे सकता है। इसका सर्वे कराकर नाली, खड़ंजा, सड़क, लाइट आदि के कार्य कराए जाएंगे। सभी विकास कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। (संवाद)