कमालगंज। फतेहगढ़ से सवारी बैठाकर कस्बा की ओर आ रहा टेंपो सड़क पर आई बकरी को बचाने में अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया। हादसे में चालक सहित छह लोग घायल हो गए। चौकी पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया। एक युवक की हालत गंभीर देख लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
थाना क्षेत्र के गांव शेखपुर निवासी लैला फतेहगढ़- कमालगंज मार्ग पर टेंपो चलाता है। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे वह फतेहगढ़ से सवारी बैठाकर कस्बा की ओर आ रहा था। रास्ते में स्थित लैनगांव के पास सड़क पर आई बकरी को बचाने में टेंपो अनियंत्रित हो गया। देखते ही देखते टेंपो खाई में पलट गया। इसमें चालक लैला, यात्री कस्बा के मोहल्ला इंदिरा नगर निवासी मुकेश (38), सुभाष नगर निवासी फैजान (22), अमानाबाद निवासी मुकीम (55), मंजेश उर्फ बब्लू (40) व शमसाबाद थाना क्षेत्र के नगला सेठ निवासी राघव (23) घायल हो गए। सूचना पर भोजपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची।
घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सिर में चोट आने से फैजान की हालत गंभीर होने पर उसे लोहिया अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। अन्य घायलों का इलाज चल रहा है। (संवाद)