फर्रुखाबाद। जिलाधिकारी ने गुरुवार दोपहर सीएचसी शमसाबाद में छापा मारा। फार्मासिस्ट के आवास पर बड़ी मात्रा में अनाधिकृत दवाइयां मिलीं। इस उन्होंने एसडीएम से सूची बनवाई। उन्होंने फार्मासिस्ट व अनुपस्थित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने सीएचसी पहुंचकर सबसे पहले उपस्थिति रजिस्टर देखा। दंत चिकित्सक निशा सिंह बिना अवकाश चार जुलाई से अनुपस्थित थीं। जबकि शिवरतन भी गैरहाजिर पाए गए। डीएम ने एसडीएम कायमगंज यदुवंश कुमार को भेजकर औषधि वितरण कक्ष में मौजूद फार्मासिस्ट विजय यादव के सरकारी आवास का निरीक्षण कराया।
पता चला कि आवास में अनाधिकृत रूप से बड़ी मात्रा में सरकारी दवाइयां रखी मिलीं। शिकायत थी कि फार्मासिस्ट विजय यादव अपने आवास से सरकारी दवाइयां बेचकर अवैध कमाई कर रहे हैं। जबकि सीएचसी पर आने वाले मरीजो को दवाई नहीं देते। औषधियों से वंचित करते हैं। डीएम ने कहा कि फार्मासिस्ट के आवास पर मिली दवाइयों की सूची बनाकर एसडीएम प्रस्तुत करें।
मुख्य चिकित्साधिकारी को भी मौके पर जाकर फार्मासिस्ट के खिलाफ वैधानिक व दंडात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अनुपस्थित डॉक्टर व कर्मचारी का वेतन रोकने का आदेश दिया है।