फर्रुखाबाद। प्रापर्टी डीलर की कार से 30 लाख रुपये की टप्पेबाजी में पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में लिया है। प्रापर्टी डीलर की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। प्लाट का बैनामा कराने वाले दोनों युवकों से पूछताछ कर जानकारी की।
फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नवदिया नई बस्ती निवासी प्रापर्टी डीलर रामशरण पाल सोमवार को आईसीआईसीआई बैंक गए थे। तभी कार में रखे 30 लाख रुपये की टप्पेबाजी हो गई।
सीसीटीवी में दोनों टप्पेबाजों के फोटो कैद हो गए थे। पुलिस ने मोहल्ला हाथी खाना के दो युवकों को बैंक के आसपास घूमते समय सोमवार की रात को पकड़ लिया।
कोतवाल सचिन कुमार सिंह ने जुुल्फिकार व अवधेश चौहान से प्लाट के नाम पर रामशरण को 30 लाख रुपये देने के संबंध में जानकारी की। दोनों ने रुपये देने की बात बताई। वहीं घटनास्थल की रेंज में आए सभी मोबाइल नंबर की सूची तैयार कर छानबीन में पुलिस जुटी हुई है।
टप्पेबाज मध्य प्रदेश के होने की आशंका
एसओजी प्रभारी अशोक कुमार व सर्विंलास टीम के प्रभारी जगदीश भाटी ने बताया कि दोनों युवक चेक की शर्ट पहले थे। बैग पार करने के बाद मिलेट्री चौराहे के पास चंद्रपाल की मिठाई की दुकान के सामने पहले से खड़ी बाइक पर बैठकर भाग गए। बताया कि मध्य प्रदेश की एक जनजाति के पांच से छह लोगों का ग्रुप ऐसी वारदातों को अंजाम देने के बाद जनपद से भाग जाता है। वह सभी लोग एक जैसे कपड़े भी पहनते हैं।
साहब! रुपये न मिले तो बर्बाद हो जाऊंगा
रामशरण पाल ने मंगलवार को एएसपी अजय प्रताप को प्रार्थना पत्र देकर कहा कि टप्पेबाजी की घटना का खुलासा कर रुपये बरामद करा दो। रुपये न मिले तो पर वह बर्बाद हो जाएगा। एएसपी ने भरोसा दिया कि पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। खुलासे के लिए तीन टीमें काम कर रही हैं।