फर्रुखाबाद। सीएमओ के निरीक्षण में शनिवार को दो प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चपरासी के भरोसे चलते मिले। इससे स्वास्थ्य सेवाओं की पोल खुल गई। सीएमओ ने डॉक्टर सहित अनुपस्थित पूरे स्टाफ का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण तलब किया है।
बढ़पुर ब्लाक का एक मात्र प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डॉक्टर विहीन चल रहा है। यहां एलटी की भी तैनाती नहीं है। फार्मासिस्ट के भरोसे चलने वाले इस अस्पताल में प्रतिदिन 40 से 50 मरीज पहुंचते हैं। सीएमओ डॉ.अवनींद्र कुमार निरीक्षण करने पहुंचे तो वहां फार्मासिस्ट भी गैरहाजिर मिला। दो चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के भरोसे अस्पताल मिला। इस पर सीएमओ ने फार्मासिस्ट का वेतन रोक दिया। इसके बाद सीएमओ शहर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नौलक्खा पहुंचे। वहां तैनात डॉ.नूरुल हुदा, स्टाफ नर्स, एएनएम सहित आठ कर्मचारी मौजूद नहीं थे। चपरासी के भरोसे अस्पताल खुला था। सीएमओ ने डॉक्टर सहित सभी कर्मचारियों का वेतन रोक दिया। इसके बाद सीएमओ ने पीएचसी भोलेपुर व हेल्थ वेलनेस सेंटर मछली टोला का निरीक्षण किया। वहां सब ठीक-ठाक मिला। सीएमओ डॉ.अवनींद्र कुमार ने बताया कि बिना सूचना के गायब मिले डॉक्टर, फार्मासिस्ट सहित सभी कर्मचारियों का वेतन रोक दिया है। सभी से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।