फर्रुखाबाद। जिला विद्यालय निरीक्षक ने मंगलवार को शहर के माध्यमिक विद्यालयों का निरीक्षण किया। दो शिक्षिकाएं बिना बताए अनुपस्थित मिलीं, तो एक विद्यालय में शिक्षक हस्ताक्षर कर गायब मिले। डीआईओएस ने अनुपस्थित अध्यापकों से स्पष्टीकरण तलब किया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक नरेंद्र पाल सिंह महीयसी महादेवी वर्मा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज फतेहगढ़ पहुंचे। यहां प्रधानाचार्य रिचा तिवारी मौजूद नहीं थीं। बताया गया कि वह अपने स्वजन की दवा लेने गई हैं। शिक्षिका आदेश गंगवार व गीता देवी बिना बताए अनुपस्थित थीं। डीआईओएस ने अनुपस्थित शिक्षकों से तीन दिन में स्पष्टीकरण मांगा है। रखा बालिका इंटर कॉलेज में गंदगी मिलने पर डीआईओएस ने साफ-सफाई करवाने के निर्देश दिए। मिड-डे मील में बच्चों को दाल चावल दिया जा रहा था। बताया गया कि 27 छात्रों का नवीन नामांकन हुआ है। टैगोर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में एक भी बच्चा मौजूद नहीं मिला। शिक्षक हेमंत कुमार रजिस्टर पर हस्ताक्षर कर गायब थे। कुछ देर बाद वह आए और उन्होंने बताया कि वह पत्नी की दवा लेने गए थे। शिक्षकों ने बताया कि पर्व होने के चलते बच्चों की छुट्टी कर दी गई। कनोडिया बालिका इंटर कॉलेज में जिला विद्यालय निरीक्षक को नामांकन होते मिले। प्रधानाचार्य सुमन त्रिपाठी ने बताया कि प्रवेश के लिए 25 व 26 अप्रैल को परीक्षा की तिथि निर्धारित की गई है। विद्यालय में साफ-सफाई भी ठीक मिली। स्टेनो राजीव यादव मौजूद रहे।