फर्रुखाबाद। जिला बार एसोसिएशन के पूर्व महासचिव व गैंगस्टर के आरोपी संजीव पारिया के पांच वाहनों को कुर्क कर दिया गया। इन वाहनों को लोको रोड स्थित स्कूल से पुलिस ने बरामद किया है। वाहनों को लिखापढ़ी में दाखिल कर दिया गया।
जिला बार के पूर्व महासचिव संजीव पारिया पर कई मुकदमे विचाराधीन हैं। उन पर पुलिस ने गैंगस्टर का मुकदमा भी दर्ज किया है। अभी तक करीब 36.55 करोड़ की चल-अचल संपत्ति कुर्क हो चुकी है। पुलिस को काफी दिनों से उनके वाहनों की भी तलाश थी। मऊदरवाजा थानाध्यक्ष अमित गंगवार ने पुलिस बल के साथ रविवार देर शाम फतेहगढ़ के लोको रोड स्थित स्कूल से सोनी पारिया इंटर कॉलेज की तीन स्कूली मिनी बसें और दो कारों को बरामद कर लिया। इसके बाद पुलिस पांचों वाहनों को मऊदरवाजा थाने ले गई। पुलिस ने पांचों वाहनों को लिखित में कुर्की कार्रवाई पूरी की। थानाध्यक्ष अमित गंगवार ने बताया कि पांचों वाहनों को कुर्क कर दिया गया है। अन्य वाहनों की भी तलाश की जा रही है।