नवाबगंज। मकान की दीवार में सेंध लगाकर चोर ढाई लाख के जेवर व नकदी चोरी कर ले गए। परिजन सुबह जागे तो नकब लगा देखकर दंग रह गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की।
थाना क्षेत्र के गांव बलीपुर निवासी कलौली महबुल्लापुर निवासी हृदयराम मंगलवार रात परिजनों के साथ घर के आंगन में सो रहे थे।
रात में किसी समय चोर मकान के पीछे की दीवार में नकब लगाकर अंदर पहुंच गए। चोरों ने बक्से व अलमारी का ताला तोड़ा और दो जोड़ी सोने के झुमके, कमर का गुच्छा, एक जोड़ी पायल व 96 हजार रुपये चोरी कर ले गए।
बुधवार सुबह हृदयराम जागे और कमरे में गए। वहां नकब लगा देखकर शोर मचाया। शोर सुनकर परिवार व पड़ोस के लोग पहुंच गए।
हृदयराम ने थाने में चोरी की सूचना दी। पुलिस ने परिनजों से पूरे मामले की जानकारी कर खुलासा करने का भरोसा दिया। तहरीर देने के बाद भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया।