मोहम्मदाबाद। युवक की मारपीट कर फांसी के फंदे पर लटकाकर हत्या करने के आरोप में भाजपा नेता के पुत्र सहित दो आरोपियों को पुलिस ने जेल भेज दिया। इसी मुकदमे की विवेचना में इंस्पेक्टर अपराध को लेन देन के आरोप में निलंबित कर दिया गया था।
कोतवाली क्षेत्र के गांव रैसेपुर निवासी रावेंद्र सिंह ने भाजपा नेता मान सिंह के पुत्र अतुल, सरनाम, रघुवीर के खिलाफ दो जुलाई को मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें आरोप लगाया कि 11 जून को वह नलकूप की छत पर पुत्र आदित्य के साथ सो रहा था। तभी यह लोग आए और मारपीट करने लगे। यह लोग पुत्र को पीटते हुए ले गए और कुछ दूर पेड़ पर फंदे पर लटका कर मार डाला। कोतवाली पुलिस ने तहरीर देने के बाद भी सुनवाई नहीं की थी। एडीजी जोन के आदेश पर एएसपी डॉ संजय कुमार की जांच के बाद मुकदमा दर्ज किया गया था।
मुकदमे की विवेचना इंस्पेक्टर अपराध कामता प्रसाद कर रहे थे। उन पर दोनों पक्षों ने रुपये के लेनदेन करने का आरोप लगाया था। एसपी विकास कुमार ने कामता प्रसाद को निलंबित कर दिया था। मुकदमे की विवेचना इंस्पेक्टर अमर पाल सिंह को मिली। एसपी के कड़े रूख को देखकर पुलिस ने भाजपा नेता के पुत्र अतुल व आरोपी सरनाम को शनिवार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। कोतवाल अमर पाल सिंह ने बताया कि भाजपा नेता के पुत्र सहित दो आरोपियों को जेल भेजा गया है। तीसरे आरोपी की तलाश की जा रही है।