फर्रुखाबाद। बरेली-इटावा राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार ट्रक ने टेंपो से उतरते समय युवक को कुचल दिया। पुलिस अस्पताल लेकर पहुंची, जहां मृत घोषित कर दिया गया। वह मिर्जापुर थाना क्षेत्र में रहने वाले दोस्त के साथ चेन्नई से घर जाने के लिए उतरा था।
शाहजहांपुर जिले के थाना कांठ के गांव धारा दइया के मजरा सुसोली निवासी प्रभाकर कुशवाह उर्फ रजनेश (25) चेन्नई में पानीपुरी बेचने का काम करता था। वह मिर्जापुर थाने के गांव दोषपुर नागर निवासी दोस्त विवेक के साथ लौटा था। शुक्रवार सुबह पांचाल घाट पर जैसे ही टेंपो से दोनों उतरे तो तेज रफ्तार ट्रक ने प्रभाकर को कुचल दिया। इससे वह सड़क पर गिर गया।
चौकी पुलिस के सिपाही राघव चतुर्वेदी उसे लोहिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। प्रभाकर चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। बड़ा सुरजीत, रंजीत और छोटा प्रशांत है। मां सुशीला और पत्नी रूबी है।
सूचना पर पहुंचे परिजनों में चीख-पुकार मच गई। उन्होंने बताया कि प्रभाकर की करीब आठ माह पहले ही शाहजहांपुर के थाना व कस्बा गढि़यारंगीन की रूबी से शादी हुई थी। वह 25 दिन पहले ही घर से चेन्नई गया था।